Article

Tamil Nadu: राज्यपाल आरएन रवि ने राष्ट्रगान के अपमान पर विधानसभा सत्र से किया बहिष्कार

 01 May 2026

तमिलनाडु के राज्यपाल आरएन रवि ने विधानसभा सत्र के दौरान राष्ट्रगान के कथित अपमान को लेकर नाराजगी जताई और सत्र को बिना संबोधित किए ही सदन से चले गए। 2025 के पहले विधानसभा सत्र की शुरुआत आज से हो रही थी, जिसमें राज्यपाल का संबोधन परंपरागत रूप से होना था। लेकिन जब राज्य गीत 'तमिल थाई वजथु' के बाद राष्ट्रगान के वादन की उनकी मांग को नकारा गया, तो वह बेहद नाराज हो गए।


मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, राज्यपाल ने तमिलनाडु के राज्य गीत के बाद राष्ट्रगान का वादन करने की मांग की थी, जिसे मुख्यमंत्री एमके स्टालिन और विधानसभा स्पीकर ने ठुकरा दिया। इस पर राज्यपाल आरएन रवि ने सत्र को बिना संबोधित किए सदन छोड़ दिया। तमिलनाडु राजभवन ने इस विवाद पर बयान जारी किया, जिसमें कहा गया कि 'भारत के संविधान और राष्ट्रगान का एक बार फिर अपमान हुआ है।' बयान में यह भी कहा गया कि संविधान में राष्ट्रगान के सम्मान को पहला मौलिक कर्तव्य बताया गया है, और सभी राज्य विधानसभाओं में सत्र की शुरुआत और समापन पर राष्ट्रगान का गायन अनिवार्य है।

राजभवन ने आरोप लगाया कि राज्यपाल ने संविधान और राष्ट्रगान का सम्मान करते हुए अपनी मांग रखी थी, लेकिन उन्हें खारिज कर दिया गया। इसके परिणामस्वरूप, वह नाराज होकर सदन छोड़ने को मजबूर हुए। यह घटना तमिलनाडु विधानसभा में एक नया विवाद पैदा कर सकती है, क्योंकि पिछले दो वर्षों से विधानसभा सत्र के दौरान राज्यपाल के संबोधन को लेकर विवाद हो चुका है।

इसके अलावा, राज्य में अन्ना विश्वविद्यालय में छात्रा से दुष्कर्म का मामला भी चर्चा में है, और विपक्षी दल राज्य सरकार के खिलाफ सख्त बयानबाजी कर रहे हैं। ऐसे में राज्यपाल की नाराजगी और इस विवाद ने राजनीतिक माहौल को और भी गरमा दिया है।

Read This Also:- तमिलनाडु CM स्टालिन की घोषणा: सिंधु घाटी लिपि के रहस्य को सुलझाने पर 10 लाख डॉलर का इनाम!