दिल्ली विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान होने से पहले ही प्रचार में तेजी आ चुकी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली के लिए 16 हजार करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का ऐलान किया और दो बड़े जनसभाओं को संबोधित कर भाजपा के चुनावी अभियान को तेज कर दिया है। रविवार को रोहिणी के जापानी पार्क में आयोजित 'परिवर्तन रैली' में पीएम मोदी ने न केवल भाजपा की योजनाओं को लोगों तक पहुंचाया, बल्कि दिल्ली की साढ़े 75 लाख महिलाओं और जरूरतमंदों को लुभाने की भरसक कोशिश की। उन्होंने यह स्पष्ट किया कि भाजपा की सरकार बनने पर दिल्ली में मुफ्त योजनाओं को जारी रखा जाएगा, जिससे कि दिल्ली की बड़ी आबादी, खासकर महिलाएं, आकर्षित हो सकें। इसके साथ ही, पीएम मोदी ने यह भी इशारा किया कि भाजपा मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, और हरियाणा जैसे राज्यों की तर्ज पर दिल्ली में भी 'लाडली बहना कार्ड' लाने की योजना बना रही है।
आम आदमी पार्टी (आप) ने चुनावी वादा किया है कि अगर पार्टी को चौथी बार सत्ता मिली तो दिल्ली की हर महिला को मासिक 2100 रुपये की सहायता दी जाएगी। इस योजना को लेकर 'आप' ने पहले से ही महिलाओं के लिए पीले कार्ड वितरित किए हैं और दावा किया है कि इसका चुनावी फायदा उन्हें मिल सकता है। पार्टी की उम्मीद है कि इस 'महिला सम्मान योजना' के जरिए वे महिलाओं को आकर्षित करने में सफल हो सकते हैं, जैसा कि भाजपा ने कई राज्यों में महिला-हितैषी योजनाओं के जरिए सत्ता में बने रहने में सफलता पाई है।
भाजपा इस बार दिल्ली में भी महिलाओं के लिए कुछ विशेष योजनाओं का ऐलान कर सकती है। भाजपा के नेताओं ने यह संकेत दिया है कि पार्टी 'लाडली बहना योजना' का वादा कर सकती है, जो मध्य प्रदेश, हरियाणा और महाराष्ट्र जैसे राज्यों में महिलाओं के लिए लागू की गई योजनाओं की तर्ज पर हो सकती है।
पीएम मोदी ने अपनी रैली में महिलाओं के लिए केंद्र सरकार द्वारा की गई योजनाओं का जिक्र किया, जिनमें शौचालय निर्माण, उज्ज्वला योजना, सुकन्या समृद्धि योजना और कई अन्य योजनाएं शामिल हैं। उन्होंने कहा, "हमारी सरकार ने महिलाओं के लिए कई योजनाएं शुरू की हैं। भाजपा की सरकारों ने भी राज्यों में माताओं और बहनों के लिए कई योजनाएं चलाई हैं। आज दिल्ली में 75 लाख जरूरतमंदों को मुफ्त राशन मिल रहा है। भाजपा की सरकार दिल्ली में यह सुनिश्चित करेगी कि माताओं और बहनों को घर चलाने में कोई परेशानी न हो। साथ ही बेटियों की पढ़ाई-लिखाई और नौकरी की राह आसान हो, और दिल्लीवालों की कमाई बढ़े।"
इस बयान से यह साफ संकेत मिल रहा है कि भाजपा दिल्ली में भी महिलाओं के लिए 'लाडली योजना' का ऐलान कर सकती है।
सूत्रों के अनुसार, भाजपा जल्द ही अपने संकल्प पत्र में इस योजना का ऐलान कर सकती है। पार्टी के रणनीतिकार यह योजना घर-घर जाकर महिलाओं को पर्ची बांटकर प्रचारित कर सकते हैं। भाजपा से जुड़े कुछ सूत्रों ने बताया कि पार्टी की योजना 2100 रुपये के वादे से ज्यादा राशि देने की हो सकती है। पहले 'आप' ने महिलाओं को 1000 रुपये मासिक देने का वादा किया था, जिसे हाल ही में बढ़ाकर 2100 रुपये किया गया। इसके जवाब में भाजपा 2100 रुपये से अधिक राशि का वादा कर सकती है, और कुछ सूत्रों का कहना है कि यह राशि 2500 रुपये तक हो सकती है।
Read This Also:- Delhi Polls: ECI ने जारी की दिल्ली की फाइनल वोटर लिस्ट, 1.55 करोड़ लोग करेंगे मतदान