दिल्ली विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला तेज हो गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रोहिणी में एक रैली के दौरान आम आदमी पार्टी पर भ्रष्टाचार और कामकाजी तरीके को लेकर गंभीर आरोप लगाए। पीएम मोदी के इस बयान का जवाब देने के लिए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मोर्चा संभाला। उन्होंने अपनी सरकार की उपलब्धियों को सामने रखा और केंद्र सरकार और भाजपा पर पलटवार किया। इस बीच, बीजेपी नेता रमेश बिधूड़ी के बयानों ने दिल्ली की सियासत में और गरमाहट पैदा कर दी है। बिधूड़ी ने रविवार को प्रियंका गांधी और दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी पर विवादित टिप्पणियां की, जिसके बाद कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने उनकी आलोचना की।
दिल्ली में इस बार त्रिकोणीय मुकाबला होने की संभावना है, जहां एक ओर केजरीवाल अपनी सरकार फिर से बनाने की चुनौती का सामना कर रहे हैं, वहीं भाजपा सत्ता में वापसी के लिए संघर्ष कर रही है, और कांग्रेस भी अपने खोए हुए गौरव को फिर से हासिल करना चाहती है। ऐसे में बयानबाजी का दौर लगातार जारी है।
रमेश बिधूड़ी, जो अक्सर अपने विवादित बयानों के लिए सुर्खियों में रहते हैं, ने पहले प्रियंका गांधी को लेकर एक अपमानजनक टिप्पणी की और फिर मुख्यमंत्री आतिशी पर भी तीखा हमला बोला। कालकाजी इलाके में एक बीजेपी कार्यक्रम के दौरान बिधूड़ी ने प्रियंका गांधी पर टिप्पणी करते हुए कहा, "कालकाजी की सड़कों को प्रियंका गांधी के गालों जैसा बना देंगे," जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इस बयान के बाद कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने बिधूड़ी की कड़ी आलोचना की, इसे महिलाओं का अपमान करार दिया। बाद में बिधूड़ी ने माफी मांगी।
लेकिन उनका विवाद यहीं नहीं थमा। उन्होंने सीएम आतिशी के खिलाफ भी एक बेहद आपत्तिजनक बयान दिया। रोहिणी में बीजेपी की 'परिवर्तन रैली' में बिधूड़ी ने कहा, "दिल्ली की खड़ाऊं मुख्यमंत्री आतिशी ने तो अपना बाप ही बदल लिया," और उनका नाम बदलने की प्रक्रिया पर तंज कसा। इसके साथ ही उन्होंने आतिशी के माता-पिता पर भी हमला किया और दावा किया कि उनके माता-पिता ने संसद हमले के दोषी अफजल गुरू की माफी के लिए याचिका दायर की थी।
अरविंद केजरीवाल ने बिधूड़ी के बयानों पर तीखी प्रतिक्रिया दी और इसे दिल्ली की महिलाओं का अपमान बताया। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट करते हुए कहा, "बीजेपी के नेताओं ने बेशर्मी की सारी हदें पार कर दी। बीजेपी के नेता दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी जी को गंदी-गंदी गालियां दे रहे हैं। एक महिला मुख्यमंत्री का अपमान दिल्ली की जनता सहन नहीं करेगी। दिल्ली की सभी महिलाएँ इसका बदला लेंगी।"
Read This Also:- संजय निषाद ने BJP को चेताया: विभीषणों से पार्टी को खतरा, 2027 चुनाव में हार का डर