Article

मंदिर विवाद के बीच अजमेर दरगाह में चढ़ेगी PM मोदी की चादर, स्वागत में बोले हाजी सलमान

 08 May 2026

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार, 2 जनवरी को केंद्रीय अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू को ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती के 813वें उर्स के अवसर पर अजमेर शरीफ दरगाह में चढ़ाई जाने वाली ‘चादर’ सौंपी। इस पवित्र चादर को प्रधानमंत्री की ओर से उर्स में पेश किया जाएगा। मंत्री किरेन रिजिजू ने इसे लेकर एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट साझा करते हुए लिखा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा दी गई चादर ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती के उर्स पर अजमेर शरीफ दरगाह में चढ़ाई जाएगी।”


813वें उर्स का शुभारंभ


अजमेर की ख्वाजा गरीब नवाज हजरत मोइनुद्दीन चिश्ती की दरगाह में 813वां उर्स शुरू हो चुका है। इस खास मौके पर 4 जनवरी को प्रधानमंत्री मोदी की ओर से भेजी गई चादर को दरगाह की मजार पर चढ़ाया जाएगा। यह चादर प्रधानमंत्री द्वारा दरगाह के लिए 11वीं बार भेजी जा रही है।  केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री और संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू 4 जनवरी को अजमेर जाएंगे और चादर पेश करेंगे। उनके दौरे का आधिकारिक कार्यक्रम जारी किया गया है। शुक्रवार सुबह वे हजरत निजामुद्दीन दरगाह और महरौली दरगाह पर पहुंचेंगे, जिसके बाद काफिला जयपुर के लिए रवाना होगा। शनिवार को अजमेर दरगाह में चादर पेश की जाएगी।

देशवासियों के लिए संदेश


अजमेर दरगाह के खादिम और चिश्ती फाउंडेशन के चेयरमैन हाजी सलमान चिश्ती ने प्रधानमंत्री मोदी की इस पहल का स्वागत करते हुए इसे “140 करोड़ देशवासियों के लिए मोहब्बत, अमन और एकता का तोहफा” बताया। उन्होंने कहा कि यह कदम देश के सभी समुदायों के बीच आपसी भाईचारे को मजबूत करेगा।

विवाद के बीच चादर पेश


प्रधानमंत्री की भेजी गई चादर ऐसे समय में चढ़ाई जा रही है, जब हाल ही में हिंदू राष्ट्र सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष विष्णु गुप्ता ने अजमेर दरगाह को लेकर विवादित दावा किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि दरगाह परिसर में संकट मोचन महादेव मंदिर था और इसे लेकर कोर्ट में याचिका दाखिल की गई है। मामले की अगली सुनवाई 24 जनवरी को होगी।

Read This Also:- Delhi Poll: शीशमहल नहीं, गरीबों के घर का सपना, दिल्ली में पीएम मोदी का केजरीवाल पर तीखा हमला