Article

महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा, पुरुषों के लिए बढ़ा किराया- सिद्धारमैया सरकार पर विपक्ष का हमला

 08 May 2026

कर्नाटक सरकार ने पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा का वादा किया था, जिसे 'शक्ति गारंटी स्कीम' के तहत लागू किया गया। हालांकि, योजना से उत्पन्न भारी वित्तीय बोझ के चलते अब सिद्दारमैया सरकार ने सरकारी बस किराए में 15% तक बढ़ोतरी का फैसला किया है। यह वृद्धि 5 जनवरी से लागू होगी, जिससे राज्य सरकार को हर महीने लगभग 74.85 करोड़ रुपये और सालाना 784 करोड़ रुपये अतिरिक्त राजस्व मिलने की उम्मीद है।


विपक्ष का हमला: "कांग्रेस सरकार जनता को लूट रही है"


इस फैसले पर विपक्ष ने सियासी मोर्चा खोल दिया है। विधानसभा में विपक्ष के नेता आर. अशोक ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, "यह फैसला राज्य के लोगों पर आर्थिक बोझ डालने जैसा है। सरकार के पास परिवहन विभाग के लिए 4,000 करोड़ रुपये देने का पैसा नहीं है। मुफ्त यात्रा केवल महिलाओं के लिए है, लेकिन पुरुषों पर दोगुना खर्च डाला जा रहा है। यह आयोग की सरकार है।"

आर. अशोक ने घोषणा की कि शुक्रवार को वह व्यक्तिगत रूप से विरोध प्रदर्शन करेंगे, और शनिवार को बीजेपी राज्यव्यापी विरोध प्रदर्शन करेगी। बीजेपी विधायक धीरज मुनिराजू ने भी कांग्रेस सरकार पर "जनता को लूटने" का आरोप लगाते हुए कहा कि "यह सरकार ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से अतिरिक्त धन वसूल कर लोगों का शोषण कर रही है।"

सरकार का पक्ष: वित्तीय स्थिरता के लिए कदम


सरकार का कहना है कि बस किराए में यह वृद्धि वित्तीय स्थिरता सुनिश्चित करने और 'शक्ति गारंटी स्कीम' के लिए जरूरी धन जुटाने के लिए की गई है। योजना के तहत महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा की सुविधा पर सरकार हर महीने 417 करोड़ रुपये खर्च कर रही है।  बस किराए में 15% वृद्धि से आम यात्रियों पर असर पड़ेगा, लेकिन सरकार का मानना है कि यह योजना को जारी रखने के लिए आवश्यक है। कर्नाटक की जनता इस फैसले को किस रूप में लेती है और विपक्ष का विरोध कितना प्रभावी होता है, यह आने वाले दिनों में स्पष्ट होगा।

Read This Also:- Delhi Polls: कांग्रेस की 5 गारंटी, महिलाओं को ₹3000 और हेल्थ इंश्योरेंस का वादा?