गृह मंत्रालय ने भारतीय जेलों में जातिगत भेदभाव को समाप्त करने के उद्देश्य से जेल मैनुअल कानून में महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं। मंत्रालय ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की जेलों में जाति आधारित भेदभाव को समाप्त करने और 'आदतन अपराधी' की परिभाषा में संशोधन करने के लिए मॉडल जेल मैनुअल, 2016 और मॉडल जेल एवं सुधार सेवा अधिनियम, 2023 में सुधार किए हैं। गृह मंत्रालय ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को इन निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने का आदेश दिया है।
जातिगत भेदभाव रोकने के लिए नई दिशा-निर्देश
गृह मंत्रालय द्वारा सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के मुख्य सचिवों को भेजे गए पत्र में यह निर्देश दिया गया है कि जेल अधिकारियों को जाति के आधार पर कैदियों के साथ किसी भी प्रकार का भेदभाव, वर्गीकरण या अलगाव नहीं होने देना चाहिए। इसके साथ ही यह सुनिश्चित किया जाएगा कि जेलों में किसी भी ड्यूटी या कार्य का आवंटन जाति के आधार पर न हो। मॉडल कारागार और सुधार सेवा अधिनियम, 2023 के धारा 55 (ए) में बदलाव किया गया है, जिसमें जेलों और सुधार संस्थानों में जाति आधारित भेदभाव को निषिद्ध किया गया है।
आईसीएमआर का राष्ट्रीय आवश्यक निदान सूची में संशोधन का प्रस्ताव
भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) ने राष्ट्रीय आवश्यक निदान सूची (NEDL) में संशोधन का प्रस्ताव दिया है, जिसमें देश भर के स्वास्थ्य केंद्रों पर उपलब्ध न्यूनतम परीक्षणों की संख्या और प्रकारों का उल्लेख किया गया है। संशोधित मसौदे के अनुसार, मधुमेह, मलेरिया, टीबी, एचआईवी और सिफलिस जैसे नौ महत्वपूर्ण परीक्षणों को अब गांव स्तर के स्वास्थ्य केंद्रों पर उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अतिरिक्त, आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में गांव स्तर के स्वास्थ्य केंद्रों पर हेपेटाइटिस बी परीक्षणों की सुविधा भी प्रदान की जाएगी।
स्वास्थ्य केंद्रों पर नई जांच सुविधाएं
नए दिशा-निर्देशों के तहत, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर डेंगू, जापानी इंसेफेलाइटिस और अन्य सामान्य बीमारियों की जांच की सुविधा उपलब्ध होगी। साथ ही, एक्स-रे और ईसीजी की सुविधाएं भी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर उपलब्ध कराई जाएंगी। जिला स्तर के अस्पतालों में सीटी स्कैन, एमआरआई, मैमोग्राफी और इको-कार्डियोग्राफी जैसी सुविधाएं सुनिश्चित की जाएंगी। आईसीएमआर ने 2019 में पहली बार एनईडीएल जारी किया था, और अब इसमें और भी सुधार किए जा रहे हैं।
Read This Also:- खालिस्तानी अमृतपाल सिंह की नई पार्टी, पंजाब में राजनीतिक भूचाल लाने की तैयारी