Article

बाबा सिद्दीकी हत्याकांड के आरोपी ने कोर्ट में पलटा अपना बयान, पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप

 25 May 2026

बाबा सिद्दीकी हत्याकांड मामले के आरोपी नितिन गौतम सप्रे ने कोर्ट में बयान देते हुए पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। सप्रे का कहना है कि पुलिस ने उसे इकबालिया बयान देने के लिए दबाव डाला और धमकी दी कि अगर उसने बयान देने से मना किया, तो उसके परिवार को भी इस मामले में फंसा दिया जाएगा। मुंबई की विशेष कोर्ट में सोमवार को सप्रे सहित 26 आरोपियों को पेश किया गया। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सप्रे ने कहा कि उसे न्यायिक हिरासत से बोरीवली पुलिस स्टेशन ले जाया गया, जहां पुलिस ने जबरन बयान देने के लिए दबाव डाला।


सप्रे ने कोर्ट को बताया कि पुलिस ने धमकी दी थी कि अगर उसने बयान नहीं दिया, तो उसके परिवार को भी मामले में शामिल कर लिया जाएगा। आरोपी ने अपने इकबालिया बयान को वापस लेने की इच्छा जताई है और इस सिलसिले में जेल से कोर्ट में अर्जी दाखिल करने की तैयारी कर ली है। सप्रे के वकील अजिंक्य मधुकर मिर्गल और ओमकार इनामदार ने पुष्टि की कि वे इस बयान को वापस लेने के लिए अर्जी दाखिल करेंगे।

वकील मिर्गल ने कहा कि सप्रे ने दावा किया है कि उसे मजिस्ट्रेट के सामने यह कबूल करने के लिए धमकाया गया था कि वह अनमोल बिश्नोई के संपर्क में था और उसने मामले के दो आरोपियों को शरण दी थी। सप्रे पर आरोप है कि वांछित आरोपी शुभम लोनकर ने बाबा सिद्दीकी की हत्या को अंजाम देने के लिए उससे संपर्क किया था। इसके बाद, सप्रे ने अपने गैंग सदस्य राम कनौजिया के साथ मिलकर इस हत्या की रेकी की। हालांकि, बाबा सिद्दीकी की राजनीतिक हैसियत को देखते हुए, उसने इस काम के लिए 50 से 60 लाख रुपये की मांग की थी। जब लोनकर इतने पैसे जुटाने में असफल रहा, तो उसने कथित तौर पर उत्तर प्रदेश के एक गिरोह को हत्या के लिए नियुक्त किया।

Read This Also:- कासगंज हत्याकांड में बड़ा फैसला: NIA कोर्ट ने 28 आरोपियों को दोषी, 2 को दी राहत