किसान यूनियनों द्वारा किए गए पंजाब बंद ने राज्यभर में लोगों को बड़ी परेशानी में डाल दिया है। कई स्थानों पर ट्रैफिक जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई है, और किसान संगठनों ने इस बंद को लेकर आम जनता से सहयोग की अपील की है। अमृतसर में किसान जत्थेबंदियों ने गोल्डन गेट सहित अलग-अलग 32 स्थानों पर धरना प्रदर्शन किया है। किसानों ने सड़कों को जाम कर दिया, जिससे यातायात पूरी तरह से प्रभावित हुआ है। प्रदर्शनकारियों ने विभिन्न रास्तों को रोककर अपनी आवाज उठाई। लुधियाना के शुगर मिल चौक पर किसानों का धरना सुबह करीब साढ़े आठ बजे शुरू हुआ। यहां वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से रोक दी गई है, जिससे हाईवे पर यातायात ठप हो गया है।
अमृतसर बस स्टैंड पर सन्नाटा, यात्री परेशान
पंजाब बंद का असर अमृतसर के बस स्टैंड पर स्पष्ट रूप से देखा गया। आम दिनों में जहां यात्रियों की भीड़ रहती है, वहीं इस दिन बस स्टैंड पूरी तरह से सुनसान पड़ा था। राज्य भर में बस सेवाएं ठप होने के कारण यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई यात्री घंटों तक बस स्टैंड पर इंतजार करते रहे, जबकि कुछ ने वैकल्पिक साधनों का सहारा लिया और कुछ को अपनी यात्रा स्थगित करनी पड़ी। मोहाली में किसानों ने एयरपोर्ट रोड स्थित केएफसी जंक्शन पर जाम लगा दिया, जिससे यातायात पूरी तरह से ठप हो गया। यहां बड़ी संख्या में किसान एकत्र हुए और सड़क को अवरुद्ध कर दिया, जिसके परिणामस्वरूप क्षेत्र में वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। एयरपोर्ट रोड पर आने-जाने वाले यात्रियों को इस कारण भारी असुविधा का सामना करना पड़ा।
पुलिस कमिश्नर का बयान
पंजाब बंद को लेकर पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा ने बयान दिया कि सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने आश्वासन दिया कि बंद शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न होगा और राज्यभर में संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया गया है। सुरक्षा बल प्रदर्शन स्थलों पर भी मौजूद रहेंगे, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
अबोहर में पंजाब बंद का व्यापक असर
किसान संगठनों द्वारा बुलाए गए पंजाब बंद का अबोहर में व्यापक असर देखने को मिला। यहां के लगभग सभी बाजार बंद रहे, और केवल कुछ इक्का-दुक्का दुकानें ही खुलीं। किसान संगठनों के सदस्यों ने दुकानदारों से विनम्रता से अपनी दुकानें बंद करने की अपील की। शहर के प्रमुख स्थानों जैसे मलोट चौक, श्रीगंगानगर रोड, हनुमानगढ़ रोड, मटीली रोड, सीतो रोड और मलोट रोड पर सुबह 7 बजे से ही धरना प्रदर्शन शुरू हो गया। प्रदर्शनकारी शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को दोहराते हुए सरकार से शीघ्र कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
Read This Also:- FarmerProtest: पंजाब में किसानों का रेल रोको अभियान, सुनसान सड़के, पंजाब बंद का असर