Article

मनमोहन सिंह की राजनीतिक सूझबूझ: 1991 के बजट में संशोधन और कांग्रेस पार्टी से संतुलन बनाए रखना

 15 Jun 2026

भारत के आर्थिक सुधारों के जनक माने जाने वाले पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह को 1991 में अपने ऐतिहासिक केंद्रीय बजट की स्वीकृति सुनिश्चित करने के लिए कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। इस बजट ने देश को वित्तीय संकट से उबारने के लिए साहसिक कदम उठाए थे और इसे भारत की एक उभरती वैश्विक ताकत के रूप में स्थापित किया। पी.वी. नरसिम्हा राव की सरकार में वित्त मंत्री के रूप में मनमोहन सिंह ने जो निर्णय लिए, वे भारत के इतिहास के महत्वपूर्ण मोड़ साबित हुए।


बजट पेश करने के बाद, संवाददाता सम्मेलन में पत्रकारों के सवालों का सामना करते हुए और कांग्रेस नेताओं की नाराजगी के बावजूद, मनमोहन सिंह अपने फैसलों पर अडिग रहे। कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने अपनी पुस्तक 'टू द ब्रिंक एंड बैक: इंडियाज 1991 स्टोरी' में इस समय की घटनाओं का विस्तार से वर्णन किया है। उन्होंने लिखा, "25 जुलाई 1991 को, एक दिन बजट पेश होने के बाद, मनमोहन सिंह बिना किसी पूर्व योजना के संवाददाता सम्मेलन में आए, ताकि बजट का सही संदेश जनता तक पहुंच सके।"

रमेश ने यह भी बताया कि मनमोहन सिंह ने अपने बजट की व्याख्या करते हुए इसे "मानवीय बजट" करार दिया और उर्वरक, पेट्रोल और एलपीजी की कीमतों में वृद्धि के प्रस्तावों का बहादुरी से बचाव किया। राव के प्रधानमंत्री बनने के बाद तेजी से आए परिवर्तनों को रमेश ने अपनी किताब में उल्लेखित किया है, जिसमें बताया गया है कि कांग्रेस पार्टी के अंदर बजट के खिलाफ असंतोष बढ़ने लगा था।

कांग्रेस के भीतर विरोध के बाद, राव ने एक अगस्त 1991 को कांग्रेस संसदीय दल (सीपीपी) की बैठक बुलाई, जहां पार्टी सांसदों को खुलकर अपनी बात रखने का मौका दिया। रमेश ने लिखा, "प्रधानमंत्री ने बैठक से दूरी बनाए रखी और वित्त मंत्री को आलोचनाओं का सामना करने दिया।" इस बैठक में केवल दो सांसदों मणिशंकर अय्यर और नाथूराम मिर्धा ने मनमोहन सिंह के बजट का पूरी तरह समर्थन किया। अय्यर ने इसे राजीव गांधी की सोच के अनुरूप बताया कि वित्तीय संकट को टालने के लिए क्या कदम उठाए जाने चाहिए।

कांग्रेस पार्टी के दबाव के आगे झुकते हुए, मनमोहन सिंह ने उर्वरक की कीमतों में 40 प्रतिशत की वृद्धि को घटाकर 30 प्रतिशत करने पर सहमति जताई, लेकिन पेट्रोल और एलपीजी की कीमतों में वृद्धि को बरकरार रखा। इसके बावजूद, सरकार ने अपने मूल सिद्धांतों में कोई बदलाव नहीं किया और यूरिया के अलावा अन्य उर्वरकों की कीमतों को नियंत्रण मुक्त किया। इस पूरी प्रक्रिया के बारे में जयराम रमेश ने लिखा, "यह राजनीतिक अर्थव्यवस्था का सर्वोत्तम रचनात्मक उदाहरण था। यह इस बात का उदाहरण था कि कैसे सरकार और पार्टी मिलकर दोनों के लिए बेहतर स्थिति बना सकती हैं।"

Read This Also:- पूर्व पीएम मनमोहन सिंह को राहुल गांधी ने दी श्रद्धांजलि, परिवार से की मुलाकात