Article
हरियाणा के यमुना जिले में 50 राउंड गोलीबारी, इलाक़े में दहशत, दो की मौत एक गंभीर
17 Jun 2026
हरियाणा का यमुनानगर जिला आज 50 राउंड फायरिंग से थर्रा गया। जिम में गए तीन युवक जब एक्सरसाइज के बाद वापस लौट रहे थे, तभी उन पर कथित दो लोगों ने हमला कर दिया। जैसे ही युवक अपनी बुलेरो कार में बैठने जा रहे थे, तभी उन पर हमला किया गया। बाइक सवार युवकों ने उन्हें घेर कर गोलियां मारना शुरू कर दिया और जान बचाने के लिए भागे तो दौड़ाकर गोलियां मारी। दूर से ही पूरी घटना को देखने वाले कुछ लोगों का दावा है कि 50 से ज्यादा गोलियां चली थीं। इस घटना की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है, जिसमें दिखता है कि युवक हमलावरों से बचने के लिए भाग रहे थे, लेकिन जान बचाना ही मुश्किल हो गया। दो युवकों की तो मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरे की हालत गंभीर बनी हुई है और वह अस्पताल में एडमिट है।
घटना शहर के लखा सिंह खेड़ी इलाके में सुबह करीब सवा 8 बजे बताई जा रही है। जानकारी मिलते ही एसपी समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे और उन्होंने शुरुआती जांच की। मौके की सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध है, लेकिन हमलावरों की पहचान करना एक चैलेंज है। फायरिंग करते दिख रहे तीनों हमलावरों ने अपने चेहरे ढक रखे थे। अब तक किसी गैंगस्टर या ग्रुप ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। लेकिन जिस तरह से घटना को अंजाम दिया गया है, उससे साफ है कि व्यक्तिगत दुश्मनी, प्रॉपर्टी के विवाद या फिर ऐसे ही किसी मामले में यह कांड हुआ है। अब तक इस हत्या के मकसद की भी जानकारी नहीं मिली है। बीते सप्ताह ही पंचकूला में गोलीकांड हुआ था और अब यमुनानगर में ऐसा होने से कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।