Article

ECI ने लोकसभा चुनाव के आंकड़े किए सार्वजनिक, कहा-भारत का लोकतंत्र अभूतपूर्व

 19 Jun 2026

देश में हो रहे चुनावों में लोगों की बढ़ती भागीदारी एक महत्वपूर्ण संकेत है। चुनाव आयोग ने हाल ही में लोकसभा चुनाव और चार राज्यों के विधानसभा चुनावों से संबंधित आंकड़े जारी किए हैं। इसके अनुसार, लोकसभा चुनाव में कुल 64.64 करोड़ मतदाताओं ने मतदान किया, जिसमें महिला मतदाताओं की संख्या पुरुषों से अधिक थी। चुनाव आयोग का कहना है कि भारत का लोकतंत्र अन्य देशों की तुलना में अभूतपूर्व है।


चुनाव आयोग ने गुरुवार को लोकसभा चुनाव के आंकड़ों के साथ-साथ अरुणाचल प्रदेश, आंध्र प्रदेश, ओडिशा और सिक्किम के विधानसभा चुनावों की 14-14 रिपोर्ट भी जारी की। आयोग ने कहा कि ये रिपोर्ट दुनियाभर के शोधकर्ताओं, शिक्षाविदों और चुनाव पर्यवेक्षकों के लिए बेहद उपयोगी साबित होंगी। रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि लोकसभा चुनाव में 64.64 करोड़ मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग करके एक विश्व रिकॉर्ड बनाया। 2024 में कुल 12,459 नामांकन दाखिल किए गए, जबकि 2019 में यह संख्या 11,692 थी। 2024 में 8,360 उम्मीदवार चुनाव में उतरे, जबकि 2019 में यह संख्या 8,054 थी।

चुनाव आयोग ने महिला मतदाताओं की बढ़ती भागीदारी को लेकर भी खुशखबरी दी। रिपोर्ट के अनुसार, लोकसभा चुनाव में महिला मतदाताओं ने पुरुषों से अधिक मतदान किया। 2024 में 65.78% महिला मतदाताओं ने मतदान किया, जबकि पुरुषों का मतदान प्रतिशत 65.55% रहा। 2024 में चुनाव लड़ने वाली महिला उम्मीदवारों की संख्या 800 रही, जबकि 2019 में यह संख्या 726 थी।

रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया कि 2019 की तुलना में थर्ड-जेंडर मतदाताओं की संख्या में 46.4% की वृद्धि हुई है। 2024 में दिव्यांग मतदाताओं की संख्या 90,28,696 रही, जबकि 2019 में यह संख्या 61,67,482 थी। आयोग ने यह भी बताया कि 2019 में 540 मतदान केंद्रों पर पुनर्मतदान हुआ था, जबकि 2024 में यह संख्या घटकर 40 हो गई, जो कुल 10.52 लाख मतदान केंद्रों का 0.0038 प्रतिशत है। 

रिपोर्ट में लोकसभा सीटों, विधानसभा सीटों, राज्यवार मतदाताओं की संख्या, मतदान केंद्रों की संख्या, पार्टीवार वोट शेयर, लिंग-आधारित मतदान, महिला मतदाताओं की राज्यवार भागीदारी, क्षेत्रीय विविधताएं, उम्मीदवारों का विश्लेषण, और चुनाव परिणामों से संबंधित विस्तृत जानकारी दी गई है।

Read This Also:- Meta ने माफी मांगते हुए स्वीकार की जुकरबर्ग की गलती, 2024 लोकसभा चुनाव में मोदी को बताया था हारा हुआ