Article

BPSC Protest: पप्पू यादव का ऐलान अगर माँग पूरी नहीं, तो 1 जनवरी को करेंगे 'बिहार बंद'

 23 Jun 2026

बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की परीक्षा को लेकर पिछले कई दिनों से जारी विरोध प्रदर्शन ने अब और तेज़ी पकड़ ली है। इस आंदोलन को पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव का भी समर्थन मिल चुका है, और वे प्रदर्शनकारियों के साथ धरने पर बैठे हुए हैं। बुधवार को पप्पू यादव ने ऐलान किया कि यदि बीपीएससी आयोग उनकी मांगों को नहीं मानता, तो वे 1 जनवरी को पूरे बिहार में 'बिहार बंद' आंदोलन की शुरुआत करेंगे।


सांसद पप्पू यादव ने मीडिया से बात करते हुए कहा, "हम विपक्षी सांसदों और विधायकों से अपील करते हैं कि वे इस आंदोलन में हिस्सा लें। यह कोई राजनीतिक मुद्दा नहीं है, बल्कि छात्रों की एकमात्र मांग है कि परीक्षा को रद्द किया जाए और दोबारा परीक्षा कराई जाए। हमें पूरे बिहार में सत्तारूढ़ पार्टी के सांसदों और विधायकों के घरों के बाहर बैठकर विरोध प्रदर्शन करना चाहिए।"

इससे पहले, बुधवार शाम को बिहार पुलिस ने प्रदर्शनकारी छात्रों पर लाठीचार्ज किया, जिन्होंने बीपीएससी की 70वीं सीसीई परीक्षा में अनियमितताओं, विशेष रूप से पेपर लीक होने का आरोप लगाया था। छात्रों का कहना है कि पूरे परीक्षा को रद्द कर दिया जाए। बीपीएससी के अध्यक्ष परमार रवि मनुभाई ने मंगलवार को यह स्पष्ट किया कि परीक्षा को रद्द नहीं किया जाएगा, लेकिन पटना के बापू परीक्षा केंद्र में उपस्थित उम्मीदवारों के लिए 4 जनवरी 2025 को पुनः परीक्षा आयोजित की जाएगी।

तेजस्वी यादव ने भी सरकार को घेरा


वहीं, बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने लाठीचार्ज की कड़ी निंदा की और बिहार सरकार पर हमला बोला। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, "कुछ महीने पहले तक एनडीए के नेता नीतीश कुमार को मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया जा रहा था, लेकिन अब वही नेता तानाशाही फैसलों को स्वीकार कर रहे हैं। नीतीश कुमार ने खुद को जेपी का शिष्य बताया था, लेकिन अब वे छात्रों के लोकतांत्रिक विरोध को भी नापसंद करते हैं।"

Read This Also:- BPSC Protest: पप्पू यादव के समर्थकों का बड़ा विरोध, बिहार में चक्का जाम और ट्रेन रोकने की घटनाएं