प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 100वीं जयंती के अवसर पर मध्य प्रदेश को महत्वपूर्ण केन-बेतवा लिंक परियोजना की सौगात दी। खजुराहो में आयोजित इस कार्यक्रम में पीएम मोदी ने केन-बेतवा नदी जोड़ो परियोजना का शिलान्यास और ओंकारेश्वर फ्लोटिंग सौर परियोजना का लोकार्पण किया। कार्यक्रम स्थल पर प्रधानमंत्री का जोरदार स्वागत किया गया। उन्होंने मंच पर पहुंचकर अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके नाम से डाक टिकट और ₹100 का स्मारक सिक्का जारी किया।
प्रधानमंत्री का संबोधन
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन की शुरुआत बुंदेली भाषा में करते हुए कहा, "बुंदेलखंड में रहवे बारे सभई जनन कों राम-राम!" उन्होंने कहा कि वीरों की धरती बुंदेलखंड की जनता को प्रणाम और क्रिसमस पर्व पर देश-दुनिया के ईसाई समुदाय को शुभकामनाएं। पीएम ने इस परियोजना के लिए मध्य प्रदेश की जनता को बधाई दी और कहा कि यह दिन प्रेरणादायक है क्योंकि यह भारत रत्न अटल जी की 100वीं जयंती है। उन्होंने अटल जी को सुशासन और सेवा का प्रेरणा स्रोत बताते हुए कहा कि उनका योगदान देश के विकास में हमेशा अमिट रहेगा।
PM Modi कि अटल ग्राम सेवा सदनों का निर्माण गांवों के विकास को नई दिशा देगा। इस अवसर पर मध्य प्रदेश में 1,100 से अधिक अटल ग्राम सेवा सदनों का निर्माण शुरू हो रहा है। उन्होंने जोर दिया कि ये सेवा सदन ग्रामीण क्षेत्र में सुविधाओं का विस्तार करेंगे और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को गति देंगे।
कांग्रेस पर तीखा हमला
प्रधानमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि यह पार्टी केवल घोषणाएं करने और अखबारों में तस्वीरें छपवाने में माहिर थी। उन्होंने कहा, "कांग्रेस की सरकारों ने बुंदेलखंड की जनता के लिए कभी कुछ नहीं किया। जिन परियोजनाओं का शिलान्यास 40 साल पहले हुआ, वहां एक ईंट भी नहीं लगी।"
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता के बाद पानी की जरूरतों के लिए ठोस काम नहीं हुआ और कांग्रेस ने कभी बाबा साहब अंबेडकर के विजन को श्रेय नहीं दिया। पीएम ने आरोप लगाया कि कांग्रेस की नीयत खराब थी, जिससे देश के अलग-अलग हिस्सों में जल विवाद बढ़ते गए।