Article
BSP ने लखनऊ में Amit Shah की Ambedkar को लेकर विवादित टिप्पणी के खिलाफ किया प्रदर्शन
26 Jun 2026
लखनऊ के हजरतगंज में स्थित बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के पास बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की हाल की टिप्पणी के विरोध में प्रदर्शन किया। संसद में डॉ. भीमराव आंबेडकर को लेकर अमित शाह द्वारा की गई टिप्पणी के खिलाफ बीएसपी कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान भारी संख्या में पुलिस बल भी तैनात किया गया।
बीएसपी नेता और कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को दोपहर के समय हजरतगंज में प्रदर्शन किया। जिला अध्यक्ष शैलेंद्र कुमार गौतम के नेतृत्व में बड़ी संख्या में बीएसपी नेता और कार्यकर्ता बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के पास इकट्ठा हुए। यहां उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के इस्तीफे की मांग की और पुलिस प्रशासन के अधिकारियों को अपना ज्ञापन सौंपा।
बसपा सुप्रीमो मायावती के निर्देश पर, पार्टी कार्यकर्ता प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर डॉ. भीमराव अंबेडकर पर अमित शाह की टिप्पणी को वापस लेने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर मायावती ने कहा था कि डॉ. अंबेडकर का अपमान और उनके करोड़ों अनुयायियों के प्रति हीन भावना का यह दुखद परिणाम है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया था कि कांग्रेस और भाजपा की नीयत में खोट है और इन पार्टियों को दलित-पिछड़े तबकों की याद केवल उनके बुरे वक्त में आती है।
मायावती ने आगे कहा कि बसपा मंगलवार को देशभर के जिला मुख्यालयों पर शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन आयोजित करेगी। उन्होंने बीएसपी कार्यकर्ताओं से इस प्रदर्शन को सफल बनाने की अपील की और कहा कि बाबा साहेब के नाम पर राजनीतिक छल करने वालों से सावधान रहना चाहिए। बसपा का उद्देश्य अंबेडकरवादी आत्म-सम्मान को बढ़ावा देते हुए बहुजन समाज को सशक्त बनाना है, जबकि अन्य पार्टियां केवल इन वर्गों के वोटों के लिए ढोंग करती रहती हैं।
आपको बता दें कि अमित शाह ने हाल ही में राज्यसभा में विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए कहा था, "अभी एक फैशन हो गया है - आंबेडकर, आंबेडकर, आंबेडकर, आंबेडकर, आंबेडकर, आंबेडकर। इतना नाम अगर भगवान का लेते तो सात जन्मों तक स्वर्ग मिल जाता।"
Read This Also:- Encounter In UP: 24 घंटे में UP पुलिस की छह मुठभेड़, पांच की मौत