Article
केरल के बिशप का मोदी पर हमला, कहा- ‘ क्रिब को नष्ट करना चाहते हैं मोदी।’
01 Jul 2026
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली में एक क्रिसमस सेलिब्रेशन इवेंट में शामिल हुए थे, जिसे कैथोलिक बिशप्स कॉन्फ्रेंस ऑफ इंडिया ने आयोजित किया था। इस इवेंट पर केरल के एक कैथोलिक चर्च के बिशप ने फेसबुक पर तंज करते हुए लिखा, "वहां वे बिशप का सम्मान करते हैं और क्रिब को लेकर श्रद्धा दिखाते हैं, जबकि यहां वे क्रिब को नष्ट करना चाहते हैं।" क्रिब वह सजावट होती है, जो क्रिसमस के दौरान ईसा मसीह के जन्म को दर्शाती है।
बिशप ने पलक्कड़ के सरकारी स्कूलों में क्रिसमस सेलिब्रेशन के दौरान हुए विवादों का जिक्र किया। इनमें से एक घटना में चित्तूर में तीन वीएचपी नेताओं को गिरफ्तार किया गया था, जबकि दूसरी घटना में उपद्रवियों की तलाश जारी है। आरोप है कि पलक्कड़ के नालेपल्ली इलाके के अपर प्राइमरी स्कूल में क्रिसमस मनाया जा रहा था, तभी वीएचपी के तीन नेता के. अनिल कुमार के नेतृत्व में वहां पहुंचे और क्रिसमस के आयोजन पर सवाल उठाया, साथ ही इसे रोकने की कोशिश की। उन्होंने यह भी पूछा कि अगर आप लोग क्रिसमस मनाते हैं, तो जन्माष्टमी क्यों नहीं मनाई जाती। इसके अलावा, उन्होंने टीचर्स और अन्य लोगों द्वारा सांता क्लॉज की ड्रेस पहनने पर भी सवाल उठाए। वीएचपी के नेताओं के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 329 (3), 296 (b), 351 (2) और 132 के तहत केस दर्ज किया गया है।
एक अन्य स्कूल में क्रिसमस के क्रिब को नुकसान पहुंचाए जाने की घटना भी सामने आई। इसके बाद स्कूल को शुक्रवार को बंद कर दिया गया, और सेमेस्टर एग्जाम के बाद छुट्टियां शुरू हो गईं। हालांकि पुलिस ने इस मामले में भी केस दर्ज कर लिया है और जांच जारी है। इन दोनों घटनाओं को लेकर बिशप ने पीएम नरेंद्र मोदी के क्रिसमस सेलिब्रेशन में शामिल होने पर तंज किया है।
इसी बीच, भाजपा ने केरल में स्नेह यात्रा की शुरुआत की है, जिसमें पार्टी के नेता क्रिसमस कार्यक्रमों में भाग ले रहे हैं। पीएम मोदी कई बार यह बात कह चुके हैं कि हमें अल्पसंख्यक समुदायों के बीच जाना होगा और उनके बीच मौजूद भ्रांतियों को दूर करना होगा।