Article
Delhi Polls: "केजरीवाल का चुनावी वादा-दिल्ली में 24 घंटे मिलेगा हर घर को साफ पानी"
01 Jul 2026
दिल्ली चुनाव की तैयारियों के बीच आम आदमी पार्टी (AAP) की सरकार ने मंगलवार को एक अहम घोषणा की। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि अब राजधानी दिल्ली में 24 घंटे पानी की सप्लाई शुरू होगी। इस योजना की शुरुआत उन्होंने राजेंद्र नगर के एक आवासीय क्षेत्र से की। इस अवसर पर, केजरीवाल ने वहां के निवासियों से मुलाकात की और उनके घरों से नल का पानी पीकर उसकी गुणवत्ता का परीक्षण भी किया।
24 घंटे साफ़ पानी मिलेगा
केजरीवाल ने इस मौके पर कहा, "आज दिल्ली के लोगों के लिए एक ऐतिहासिक दिन है। यह हमारा सपना था कि दिल्ली में 24 घंटे टोटी से साफ पानी आए। आज हम इस सपने की शुरुआत कर रहे हैं।" उन्होंने आगे बताया, "2015 में जब हमने दिल्ली की जिम्मेदारी संभाली थी, तब 50-60% दिल्ली को पानी टैंकर से मिलता था, लेकिन अब 95% दिल्ली में पाइपलाइन के जरिए घर-घर पानी पहुंच रहा है।"
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि जब उन्होंने 2020 के चुनावों में दिल्लीवासियों से 24 घंटे पानी देने का वादा किया था, तो उनका उद्देश्य सिर्फ चुनावी घोषणाएं करना नहीं था, बल्कि इसे लागू करना था। "हमने दिल्ली में 24 घंटे बिजली देने का वादा किया था और वह हम कर चुके हैं। अब हम 24 घंटे पानी देने का वादा भी पूरा कर रहे हैं," उन्होंने कहा।
राजेंद्र नगर में पानी की आपूर्ति की शुरुआत करते हुए, केजरीवाल ने कुछ घरों में जाकर नल खोला और पानी पीकर उसकी गुणवत्ता का परीक्षण किया।
कुछ महीनों से दिल्ली के कई इलाकों में गंदे पानी की आपूर्ति की शिकायतें आ रही थीं, जिससे नागरिकों को बीमारियों का सामना करना पड़ा था। इस मुद्दे पर बीजेपी और कांग्रेस के नेताओं ने दिल्ली सरकार पर आरोप लगाए थे।
केजरीवाल का यह कदम इस समस्या के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है और लोगों की चिंताओं को दूर करने की ओर एक बड़ा कदम है।
इसके अलावा, केजरीवाल ने दिल्ली में 2,500 नए ट्यूबवेल लगाने की भी घोषणा की। उन्होंने यह भी कहा, "हम बीजेपी की तरह सिर्फ बयानबाजी नहीं करते, हम काम करके दिखाते हैं।"
Read This Also:- Delhi Polls: मनीष सिसोदिया ने मनोज तिवारी को दी नसीहत, कहा 'सस्ते ट्रोलर जैसा व्यवहार न करें'
Read This Also:- Delhi Polls: मनीष सिसोदिया ने मनोज तिवारी को दी नसीहत, कहा 'सस्ते ट्रोलर जैसा व्यवहार न करें'