Article
महाराष्ट्र में खुले तेल की बिक्री पर रोक, उल्लंघन पर सजा होगी
21 Aug 2026
खुले तेल की बिक्री पर सख्त कार्रवाई
महाराष्ट्र में खाद्य और औषधि प्रशासन (FDA) के आयुक्त तुकाराम मुंढे ने खुला तेल बेचने वाले दुकानदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का ऐलान किया है। उन्होंने कहा है कि राज्य में खुले तेल की बिक्री पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है। मुंढे ने स्पष्ट किया कि खाद्य तेल की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। इससे पहले उन्होंने नागरिकों से अपील की थी कि वे खुला तेल न खरीदें और इसके स्वास्थ्य पर पड़ने वाले नकारात्मक प्रभावों के बारे में भी बताया था।
तत्काल प्रभाव से लागू आदेश
खुले तेल की बिक्री: इस आदेश को तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है, जो केवल रिटेलर्स तक सीमित नहीं होगा, बल्कि पूरी सप्लाई चेन पर लागू होगा। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, महाराष्ट्र FDA ने हाल ही में एक बड़े पैमाने पर निरीक्षण अभियान चलाया था, जिसके परिणामस्वरूप यह निर्णय लिया गया है। इस जांच में मिलावट, बिना लाइसेंस के काम करना, प्रोडक्ट्स के लेबल में छेड़छाड़, और एक्सपाइरी डेट के करीब आने पर पैकेजिंग में बदलाव जैसी कई समस्याएं सामने आई थीं।
भ्रामक प्रचार करने वालों पर जुर्माना
मुंढे ने यह भी बताया कि भ्रामक प्रचार करने वाले व्यक्तियों पर 10 लाख रुपये तक का जुर्माना लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि, 'खाने वाले तेल की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा, क्योंकि यह सीधे तौर पर नागरिकों के रोजमर्रा के भोजन से जुड़ा है।'
खरीदारी में सावधानी बरतने की सलाह
खुले तेल की बिक्री: पीटीआई भाषा के अनुसार, अधिकारियों ने नागरिकों को सलाह दी है कि वे खुला या बिना सील वाला तेल न खरीदें। ऐसा तेल असुरक्षित होता है और इसकी पहचान करना मुश्किल होता है। पैकेटबंद तेल खरीदते समय लेबल, निर्माण तिथि और समाप्ति तिथि की जांच करें और सुनिश्चित करें कि पैकेज सही तरीके से सील किया गया हो। पुरानी या पुनः उपयोग की गई पैकेजिंग में पैक किया गया तेल न खरीदें।
आदेश का व्यापक दायरा
आदेश का अनुपालन खाद्य तेल के कारोबार से जुड़े सभी खाद्य व्यवसाय संचालकों पर लागू होगा। इसमें तेल निकालने वाली इकाइयां, सॉल्वेंट एक्सट्रैक्शन इकाइयां, ब्लेंडर, पैकेजिंग इकाइयां, आयातक, सुपरमार्केट, ई-कॉमर्स मंच और खुदरा दुकानें शामिल हैं। यह आदेश मूंगफली, सरसों, सूरजमुखी, चावल भूसी, पाम, नारियल और मक्का जैसे तेलों पर लागू होगा। मुंढे ने खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता में खामियों को दूर करने के लिए राज्यव्यापी प्रवर्तन अभियान शुरू किया है।
Read This Also:- शहजाद पूनावाला ने BJP से इस्तीफा देने की वजह बताई, जानिए वजह