Article
संसद में पेपर लीक बिल पर चर्चा फिर टली; विपक्ष का हंगामा जारी
28 Jul 2026
पेपर लीक बिल: संसद की कार्यवाही फिर स्थगित
पेपर लीक बिल: मॉनसून सत्र के आठवें दिन लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही एक बार फिर स्थगित कर दी गई है। दोनों सदनों को दो बजे तक के लिए स्थगित किया गया, जबकि पेपर लीक से जुड़े विधेयक पर चर्चा दोपहर 12 बजे होने वाली थी। उल्लेखनीय है कि लंबे समय से विपक्ष के हंगामे के कारण सदनों में कोई महत्वपूर्ण कार्य नहीं हो सका था, और सोमवार को इस मुद्दे पर चर्चा के लिए सहमति बनी थी।
गृह मंत्री अमित शाह के जवाब की मांग को लेकर विपक्ष ने मंगलवार को राज्यसभा में लगातार सातवें दिन भी हंगामा किया, जिसके कारण सदन की कार्यवाही दो बजे तक स्थगित करनी पड़ी। जब सभापति सी पी राधाकृष्णन ने विधायी दस्तावेजों को सदन के पटल पर रखा, तब शून्यकाल के दौरान विपक्षी सदस्यों ने नारेबाजी शुरू कर दी।
लोकसभा में भी हंगामा
पेपर लीक बिल: लोकसभा में भी विपक्ष के सदस्यों ने छात्रों पर पुलिस कार्रवाई से संबंधित बयान की मांग को लेकर हंगामा किया, जिसके कारण बैठक शुरू होने के केवल पांच मिनट बाद ही कार्यवाही दो बजे तक स्थगित कर दी गई। संसदीय सूत्रों के अनुसार, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की पहल पर सोमवार को सभी प्रमुख राजनीतिक दलों ने लोक परीक्षा (अनुचित साधन निवारण) संशोधन विधेयक, 2026 पर चर्चा करने पर सहमति जताई थी।
सूत्रों ने बताया कि इस विधेयक पर विचार-विमर्श के लिए कम से कम छह घंटे का समय निर्धारित किया गया था। प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने सोमवार को विपक्ष के हंगामे के बीच इस विधेयक को लोकसभा में पेश किया था।
विधेयक में सजा और जुर्माने का प्रावधान
पेपर लीक बिल: लोक परीक्षा (अनुचित साधन निवारण) अधिनियम, 2024 में संशोधन की इस विधेयक में प्रश्नपत्र लीक करने या परीक्षाओं में अनुचित साधनों के उपयोग करने वाले व्यक्तियों के लिए पांच से दस वर्ष तक की सजा और 50 लाख रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा, प्रश्नपत्र लीक से जुड़े संगठित अपराध के मामलों में कम से कम सात साल की सजा और 10 करोड़ रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान भी रखा गया है।
बता दें कि 20 जुलाई से शुरू हुए संसद के मानसून सत्र का पहला सप्ताह विपक्ष के हंगामे के कारण प्रभावित रहा, जिसके चलते कोई महत्वपूर्ण विधायी कार्य नहीं हो सका। सोमवार को नीट प्रश्नपत्र लीक के विरोध में प्रदर्शन कर रहे छात्रों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई का मुद्दा भी दोनों सदनों में गतिरोध का कारण बना रहा।
Read This Also:- E20 पेट्रोल विवाद में नितिन गडकरी ने दायर किया मानहानि मुकदमा