केरल तट के पास कंटेनर जहाज में धमाका, 4 लापता, राहत में जुटी नौसेना

केरल तट के पास सिंगापुर के ध्वजवाहक कंटेनर जहाज MV WAN HAI 503 पर सोमवार सुबह एक विस्फोट की सूचना मिली है। यह जानकारी भारतीय रक्षा जनसंपर्क अधिकारी (PRO) ने साझा की। सबसे पहले सुबह करीब 10:30 बजे मुंबई स्थित समुद्री परिचालन केंद्र (MOC) ने कोच्चि स्थित केंद्र को इस घटना की जानकारी दी। 



यह जहाज करीब 270 मीटर लंबा और 12.5 मीटर चौड़ा है। यह 7 जून को कोलंबो से मुंबई के लिए रवाना हुआ था और 10 जून को गंतव्य पर पहुंचने की उम्मीद थी। PRO ने बताया, "नौ जून को सुबह करीब 10:30 बजे MV WAN HAI 503 के निचले डेक में विस्फोट की खबर मिली। जहाज पर कुल 22 सदस्यीय चालक दल सवार था।"


इस हादसे में चार चालक दल के सदस्य लापता हैं, जबकि पांच घायल हुए हैं। जहाज पर कंटेनरयुक्त माल लदा हुआ था और यह कोलंबो से न्हावा शेवा (मुंबई) की ओर जा रहा था। घटना की गंभीरता को देखते हुए भारतीय तटरक्षक बल ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सहायता के लिए न्यू मैंगलोर से ICGS राजदूत, कोच्चि से ICGS अर्नवेश, और अगत्ती से ICGS सचेत को रवाना किया गया। जहाज पर आग लगने के बाद 18 चालक दल के सदस्य जलते हुए पोत को छोड़कर बच निकलने में सफल रहे, जिन्हें भारतीय नौसेना और तटरक्षक बल की संयुक्त कार्रवाई में सुरक्षित निकाल लिया गया।


भारतीय नौसेना ने राहत और बचाव कार्य में तेजी लाते हुए INS Surat को घटना स्थल की ओर रवाना किया है, जो कोच्चि में लंगर डालेगा। इसके साथ ही स्थिति का आकलन करने और राहत समन्वय के लिए INS Garuda से नौसेना डोर्नियर विमान की उड़ान की भी योजना बनाई जा रही है।

For all the political updates download our Molitics App : Click here to Download
Article