
प्यू रिसर्च रिपोर्ट: दुनियाभर में बढ़ रही हिन्दू आबादी, 10 सालों में 12 प्रतिशत बढ़ी संख्या ।
प्यू रिसर्च की एक नई रिपोर्ट में दुनियाभर की धार्मिक जनसंख्या के आंकड़े पेश किए गए हैं, जिसमें यह बात सामने आई है कि 2010 से 2020 के बीच सबसे तेज जनसंख्या वृद्धि मुस्लिमों में हुई है। रिपोर्ट में बताया गया है कि ईसाई, मुस्लिम और धार्मिक रूप से असंबद्ध लोगों के बाद हिन्दू धर्म का स्थान है, जो चौथी सबसे बड़ी धार्मिक जनसंख्या है। रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि हिन्दुओं की सबसे अधिक आबादी एशिया-प्रशांत क्षेत्र में रहती है। इस क्षेत्र में पूरी दुनिया के 99 प्रतिशत हिन्दू निवास करते हैं। इनमें से 95 प्रतिशत हिन्दू अकेले भारत में पाए जाते हैं। इसके अलावा नेपाल और मॉरीशस जैसे देशों में भी हिन्दुओं की बड़ी आबादी रहती है। पिछले एक दशक में हिन्दू धर्म के अनुयायियों की संख्या में 12 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।
2010 में हिन्दुओं की संख्या लगभग 110 करोड़ थी, जो 2020 में बढ़कर 120 करोड़ हो गई। खास बात यह है कि मध्य-पूर्व और उत्तरी अफ्रीका के क्षेत्रों में हिन्दू आबादी में 62 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। इसी तरह, उत्तरी अमेरिका में हिन्दू आबादी में 55 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। इन क्षेत्रों में हिन्दुओं की जनसंख्या अन्य धार्मिक समूहों की तुलना में तेजी से बढ़ रही है।
रिपोर्ट में दुनिया के उन 10 देशों का भी उल्लेख है, जहां हिन्दू धर्म के अनुयायियों की संख्या सबसे अधिक है। इन देशों में भारत और नेपाल शीर्ष पर हैं। भारत में दुनियाभर के 94.5 प्रतिशत हिन्दू रहते हैं, जो देश की कुल जनसंख्या का 79 प्रतिशत हैं। नेपाल में हिन्दुओं की जनसंख्या देश की कुल आबादी का 81 प्रतिशत है, जो वैश्विक हिन्दू जनसंख्या का 2 प्रतिशत है।
बांग्लादेश में हिन्दुओं की आबादी कुल जनसंख्या का 7.9 प्रतिशत है, जबकि पाकिस्तान में यह 2.1 प्रतिशत है। इंडोनेशिया में हिन्दू आबादी 1.6 प्रतिशत है और श्रीलंका में यह 14.5 प्रतिशत है। इसके अलावा, अमेरिका, मलेशिया, यूनाइटेड किंगडम और संयुक्त अरब अमीरात भी शीर्ष 10 देशों में शामिल हैं। संयुक्त अरब अमीरात में हिन्दुओं की आबादी कुल जनसंख्या का 11.8 प्रतिशत है, जो वैश्विक हिन्दू जनसंख्या का 0.1 प्रतिशत हिस्सा है।
यह भी ध्यान देने योग्य है कि शीर्ष 10 हिन्दू आबादी वाले देशों में से पांच मुस्लिम बहुल देश हैं। साथ ही, इन 10 देशों में से आठ में हिन्दू धार्मिक अल्पसंख्यक के रूप में रहते हैं। केवल भारत और नेपाल ही ऐसे दो देश हैं, जहां हिन्दू बहुसंख्यक हैं।
For all the political updates download our Molitics App :
Click here to Download