राहुल गांधी के ‘वोट चोरी’ आरोप पर भड़के फडणवीस, बोले- हार के ग़म में बहक रहे हैं

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी द्वारा महाराष्ट्र में मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं को लेकर लगाए गए वोट चोरी के आरोपों पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने तीखा पलटवार किया है। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए आरोप लगाया था कि केवल पांच महीनों में फडणवीस के निर्वाचन क्षेत्र में मतदाता संख्या में 8% की बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने इसे सुनियोजित धांधली और चुनाव आयोग की चुप्पी को मिलीभगत करार दिया।


अपने पोस्ट में राहुल गांधी ने लिखा, “महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के अपने निर्वाचन क्षेत्र में, मतदाता सूची में केवल 5 महीनों में 8% की वृद्धि हुई। कुछ बूथों पर यह बढ़ोतरी 20-50% तक पहुंची। बीएलओ ने अज्ञात व्यक्तियों द्वारा मतदान की जानकारी दी। मीडिया ने हजारों ऐसे मतदाताओं की पहचान की जिनके पते सत्यापित नहीं हैं। और चुनाव आयोग? चुप या शामिल?” उन्होंने आगे लिखा कि ये अनियमितताएं अलग-अलग घटनाएं नहीं हैं, बल्कि यह एक  व्यवस्थित वोट चोरी  है। उन्होंने मशीन-पठनीय डिजिटल मतदाता सूची और सीसीटीवी फुटेज सार्वजनिक करने की मांग की।

मुख्यमंत्री फडणवीस ने राहुल गांधी के आरोपों को झूठा और भ्रामक बताते हुए सोशल मीडिया पर लिखा, “झूठ बोले कौवा काटे, काले कौवे से डरियो! राहुल गांधी, मानते हैं कि महाराष्ट्र की हार की पीड़ा आपको सताती है, लेकिन कितने दिन तक हवा में तीर चलाते रहेंगे?” फडणवीस ने आंकड़ों के साथ पलटवार करते हुए कहा कि महाराष्ट्र के कई निर्वाचन क्षेत्रों में 8% से अधिक मतदाता बढ़े हैं और उनमें से कई सीटों पर कांग्रेस या उसके सहयोगी दलों के उम्मीदवार विजयी हुए हैं।

मुख्यमंत्री ने उदाहरण देते हुए लिखा कि पश्चिम नागपुर में 7% (27,065) मतदाता बढ़े कांग्रेस के विकास ठाकरे जीते। उत्तर नागपुर में 7% (29,348) की वृद्धि, कांग्रेस के नितिन राऊत जीते। वड़गांव शेरी (पुणे) में 10% (50,911) बढ़ोत्तरी, एनसीपी (शरद पवार गुट) के बापूसाहेब पठारे विजयी हुए। मालाड पश्चिम में 11% (38,625) मतदाता बढ़े, कांग्रेस के अस्लम शेख ने जीत दर्ज की। मुंब्रा में 9% (46,041) वृद्धि, एनसीपी के जितेंद्र आव्हाड जीते। फडणवीस ने कटाक्ष करते हुए लिखा कि अगर आप अपने सहयोगियों से ही बात कर लेते तो इस तरह की भ्रामक जानकारी फैलाने से बच सकते थे।

For all the political updates download our Molitics App : Click here to Download
Article