
उपचुनाव में करारी हार, शक्तिसिंह गोहिल ने छोड़ी गुजरात कांग्रेस की कमान
गुजरात कांग्रेस अध्यक्ष शक्तिसिंह गोहिल ने कडी और विसावदर विधानसभा उपचुनावों में पार्टी की हार की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। दोनों सीटों पर कांग्रेस का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा, जहां एक पर आम आदमी पार्टी (आप) और दूसरी पर भाजपा ने जीत दर्ज की।
गोहिल ने सोमवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा, "चूंकि उपचुनाव के नतीजे हमारी उम्मीदों के अनुरूप नहीं रहे, इसलिए मैंने नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दे दिया है। मैंने अपना त्यागपत्र पहले ही पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को भेज दिया है।"
शक्तिसिंह गोहिल को जून 2023 में, 2024 के आम चुनावों से पहले गुजरात कांग्रेस का अध्यक्ष बनाया गया था। वह वर्तमान में राज्यसभा सांसद भी हैं।
कडी विधानसभा सीट अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है और यह भाजपा विधायक कर्सन सोलंकी के निधन के बाद खाली हुई थी। इस सीट पर भाजपा उम्मीदवार राजेंद्र चावड़ा ने कांग्रेस के रमेश चावड़ा को 39,452 वोटों के भारी अंतर से पराजित किया। आम आदमी पार्टी के जगदीश चावड़ा तीसरे स्थान पर रहे।
विसावदर सीट पर आम आदमी पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गोपाल इटालिया ने भाजपा उम्मीदवार किरीट पटेल को 17,554 वोटों के अंतर से हराकर जीत दर्ज की। यह सीट आप विधायक भूपेंद्र भायाणी के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी। कांग्रेस उम्मीदवार नितिन रणपरिया यहां भी तीसरे स्थान पर रहे।
For all the political updates download our Molitics App :
Click here to Download