रूस ने तालिबान को दी आधिकारिक मान्यता, बना पहला देश

रूस ने अफगानिस्तान की तालिबान सरकार को आधिकारिक मान्यता दे दी है, जिससे वह ऐसा करने वाला दुनिया का पहला देश बन गया है। गुरुवार को रूसी विदेश मंत्रालय ने पुष्टि की कि उसने तालिबान द्वारा भेजे गए नए राजदूत के आधिकारिक दस्तावेज़ स्वीकार कर लिए हैं। मास्को ने यह भी संकेत दिया है कि अफगानिस्तान के साथ द्विपक्षीय संबंधों में संभावनाएं मजबूत हैं। रूसी विदेश मंत्रालय ने बताया कि दोनों देशों के बीच आतंकवाद विरोधी सहयोग, नशीली दवाओं की तस्करी पर नियंत्रण, और क्षेत्रीय सुरक्षा जैसे मुद्दों पर संवाद जारी रहेगा। साथ ही, ऊर्जा, कृषि, परिवहन और आधारभूत ढांचे के क्षेत्रों में व्यापारिक साझेदारी को भी महत्वपूर्ण बताया गया है।


तालिबान के विदेश मंत्री आमिर खान मुत्ताकी ने रूस के इस फैसले को "साहसी कदम" बताया और उम्मीद जताई कि अन्य देश भी इसी राह पर चलेंगे। तालिबान ने 2021 में अमेरिकी फौजों की वापसी के बाद अफगानिस्तान की सत्ता पर कब्जा कर लिया था, लेकिन अब तक उसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता नहीं मिल सकी थी। चीन, यूएई, पाकिस्तान और उज्बेकिस्तान जैसे देशों ने तालिबान शासित अफगानिस्तान में अपने राजदूत जरूर नियुक्त किए हैं, लेकिन उन्होंने इसे औपचारिक मान्यता नहीं दी है। ऐसे में रूस का यह कदम तालिबान के लिए कूटनीतिक मोर्चे पर एक महत्वपूर्ण जीत मानी जा रही है।

गौरतलब है कि रूस ने 2003 में तालिबान को आतंकी संगठन घोषित किया था, लेकिन अप्रैल 2024 में यह प्रतिबंध हटा लिया गया। राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन पहले ही संकेत दे चुके हैं कि तालिबान अब आतंकवाद के खिलाफ सहयोग कर रहा है, और अफगानिस्तान में उसकी भूमिका को रूस रणनीतिक दृष्टि से अहम मानता है। 2022 से तालिबान शासित अफगानिस्तान रूस से तेल, गैस और गेहूं का आयात कर रहा है। वहीं, मार्च 2024 में मास्को के एक कॉन्सर्ट हॉल पर हुए आतंकवादी हमले, जिसमें 149 लोगों की मौत हुई थी, के बाद रूस के लिए क्षेत्रीय सुरक्षा को लेकर तालिबान के साथ सहयोग और जरूरी हो गया है। अमेरिका ने इस हमले के पीछे अफगानिस्तान स्थित ISIS का हाथ बताया था।

हालांकि, पश्चिमी देश अब भी तालिबान को मान्यता देने से इनकार कर रहे हैं। इसका प्रमुख कारण महिलाओं के अधिकारों पर लगे गंभीर प्रतिबंध हैं। तालिबान शासन में लड़कियों की शिक्षा और महिलाओं की स्वतंत्र आवाजाही पर रोक लगी हुई है, जिससे उसकी अंतरराष्ट्रीय छवि को भारी नुकसान पहुंचा है।

For all the political updates download our Molitics App : Click here to Download
Article