Article
पाकिस्तान में बम धमाका: 9 की मौत, कई घायल, दहशत का माहौल
31 Oct 2025
पड़ोसी देश पाकिस्तान, जो अक्सर आतंक को पनाह देने के आरोपों से घिरा रहता है, अब खुद ही लगातार आतंकी घटनाओं का शिकार हो रहा है। ताजा मामला बलूचिस्तान प्रांत से सामने आया है, जहां शुक्रवार को एक भीषण बम धमाके में कोयला खनिकों को ले जा रहा वाहन विस्फोट की चपेट में आ गया। इस हमले में कम से कम 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि 7 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
कैसे हुआ हमला?
अधिकारियों के अनुसार, यह हमला अशांत बलूचिस्तान प्रांत के हरनाई जिले के शाहराग इलाके में हुआ। कोयला खनिकों को ले जा रहा एक मिनी ट्रक सड़क किनारे लगाए गए बम की चपेट में आ गया। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और मौके पर ही कई लोगों की मौत हो गई। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां कई की हालत नाजुक बनी हुई है।
हमले के बाद पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने घटनास्थल पर पहुंचकर इलाके को घेर लिया और तलाशी अभियान शुरू कर दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों की धरपकड़ के लिए व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। इस बीच, बलूचिस्तान सरकार ने भी मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के आदेश जारी कर दिए हैं।
किस पर है शक?
बलूचिस्तान सरकार के प्रवक्ता शाहिद रैंड ने इस हमले पर शोक व्यक्त किया है और दोषियों को जल्द पकड़ने का आश्वासन दिया है। हालांकि, अभी तक किसी भी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। मगर, अतीत में इस तरह की हिंसक घटनाओं को प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) द्वारा अंजाम दिया जाता रहा है। बलूचिस्तान लंबे समय से पाकिस्तान के लिए सुरक्षा चुनौतियों का केंद्र बना हुआ है। यहां अलगाववादी समूह और आतंकी संगठन लगातार पाकिस्तानी सेना और सरकारी प्रतिष्ठानों को निशाना बनाते रहे हैं। विश्लेषकों का मानना है कि बलूचिस्तान में हालिया हिंसा वहां के स्वतंत्रता समर्थक संगठनों और पाकिस्तानी प्रशासन के बीच बढ़ते तनाव का नतीजा हो सकती है।
पाकिस्तान खुद आतंकवाद को समर्थन देने के आरोपों से घिरा रहता है, लेकिन अब वही आतंकवाद उसके लिए खतरा बन चुका है। बलूचिस्तान में बढ़ती हिंसा ने पाकिस्तानी सरकार के सामने गंभीर सुरक्षा संकट खड़ा कर दिया है। यदि इस पर जल्द काबू नहीं पाया गया, तो यह पाकिस्तान की आंतरिक स्थिरता के लिए और भी बड़ा खतरा बन सकता है।
Read This Also:- सीमा विवाद में अमेरिकी मध्यस्थता पर पित्रोदा का बयान: "चीन से खतरा समझ नहीं आता"
Read This Also:- सीमा विवाद में अमेरिकी मध्यस्थता पर पित्रोदा का बयान: "चीन से खतरा समझ नहीं आता"