Article
Sambhal: हिंसा के बाद प्रशासन की कार्रवाई, शाही जामा मस्जिद के पास बनेगी पुलिस चौकी
09 Jun 2026
उत्तर प्रदेश के संभल जिले में शाही जामा मस्जिद में 24 नवंबर को हुए सर्वे के दौरान भड़की हिंसा के बाद प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर बड़ा कदम उठाया है। मस्जिद के सामने खाली पड़े मैदान में एक नई पुलिस चौकी बनाने का निर्णय लिया गया है। पुलिस ने इस स्थान को चिह्नित कर लिया है और चौकी निर्माण की प्रक्रिया जल्द शुरू होगी।
पुलिस चौकी के लिए स्थान चिह्नित
संभल के एडिशनल एसपी श्रीचंद्र ने बताया कि यह निर्णय सुरक्षा की दृष्टि से लिया गया है। पुलिस चौकी का निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा। पुलिस टीम ने उक्त स्थान की नपाई कर ली है और वहां चूने से सीमांकन कर दिया गया है। जब एडिशनल एसपी और पुलिस टीम मस्जिद के बाहर सर्वेक्षण स्थल पर पहुंची, तो मस्जिद कमेटी और स्थानीय लोग अपने जमीनों के कागजात लेकर वहां जमा हो गए। उन्होंने दावा किया कि उक्त जमीन उनकी है। इस संबंध में प्रशासन ने जांच का भरोसा दिलाया है।
24 नवंबर को भड़की थी हिंसा
यह हिंसा शाही जामा मस्जिद में अदालत के आदेश पर किए गए सर्वेक्षण के दौरान भड़की थी। याचिका में दावा किया गया था कि मस्जिद के स्थान पर पहले हरिहर मंदिर था। सर्वेक्षण के दौरान मस्जिद के बाहर भीड़ उग्र हो गई और पुलिस टीम पर पथराव, फायरिंग और वाहनों को जलाने जैसी घटनाएं हुईं। हालात काबू में लाने के लिए पुलिस को आंसू गैस और हवाई फायरिंग का सहारा लेना पड़ा। इस हिंसा में चार युवकों की मौत हुई थी। पुलिस ने अब तक 50 आरोपियों को गिरफ्तार किया है और अन्य 90 संदिग्धों की तलाश जारी है।
हिंसा के बाद प्रशासन ने मस्जिद के आसपास सुरक्षा बढ़ाने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया है। पुलिस चौकी के निर्माण से इलाके में शांति और सुरक्षा सुनिश्चित करने की कोशिश की जाएगी।
Read This Also:- Sambhal: शाही जामा मस्जिद के सामने पुलिस चौकी निर्माण के लिए भूमि पूजन सम्पन्न, ASP श्रीशचंद्र ने रखी नींव
Read This Also:- Sambhal: शाही जामा मस्जिद के सामने पुलिस चौकी निर्माण के लिए भूमि पूजन सम्पन्न, ASP श्रीशचंद्र ने रखी नींव